डेढ़ महीने बाद किचन में लौटी भाजपा प्रत्याशी रूपकुमारी ने बनाई मुनगा की सब्जी, बच्चों और पति संग किया भोजन
Mahasamund Lok Sabha Election: दूसरे चरण के तहत महासमुंद लोकसभा क्षेत्र का शुक्रवार को मतदान होने के बाद भाजपा प्रत्याशी रूपकुमारी चौधरी को आज कुछ आराम मिला। महासमुंद में 71 प्रतिशत मतदान लोकसभा में हुआ। कुल मतदान 77.5 प्रतिशत होने का अनुमान है।
By Nai Dunia News Network
Edited By: Nai Dunia News Network
Publish Date: Sat, 27 Apr 2024 04:23:51 PM (IST)
Updated Date: Sat, 27 Apr 2024 04:33:27 PM (IST)
महासमुंद। नईदुनिया प्रतिनिधि। Mahasamund Lok Sabha Election: दूसरे चरण के तहत महासमुंद लोकसभा क्षेत्र का शुक्रवार को मतदान होने के बाद भाजपा प्रत्याशी रूपकुमारी चौधरी को आज कुछ आराम मिला। उन्होंने टिकट घोषणा के बाद आज किचन में प्रवेश किया और स्वजनो के लिए मुनगा की सब्जी बनाई। चावल दाल रोटी के अलावा पति व बच्चों के पसंदीदा चावल पापड़ भी तले। बाद सभी सदस्य साथ बैठकर भोजन किया। इस दौरान आगन्तुको से भी मिलती रहीं। उनके लिए चाय भी तैयार करती रहीं। भोजन उपरांत वे पार्टी बैठक में शामिल होने डेढ़ बजे रायपुर रवाना हुई। उन्होंने लगातार आ रहे फोन पर कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
41 डिग्री तापमान में मतदाता उत्साह
लोकतंत्र के महापर्व पर शुक्रवार को महासमुंद लोकसभा सीट के लिए सुबह सात बजे से मतदान प्रारंभ हुआ, जो शाम छह बजे तक जारी रहा। मतदान केंद्रों में छह बजे तक पहुंचे सभी लोगों को मताधिकार का प्रयोग करने दिया गया। शाम पांच बजे तक 71 प्रतिशत मतदान लोकसभा में हुआ। कुल मतदान 77.5 प्रतिशत होने का अनुमान है।
मतदान में सुबह नौ बजे तक जिले में 15 प्रतिशत मतदान हुआ था। 11 बजे तक यह मतदान 36 पहुंचा, एक बजे 52 और तीन बजे 61.54 प्रतिशत मतदान जिले में हो चुका था। बाद के तीन घंटे में ज्यादा मतदाता नहीं निकले और 10 प्रतिश की वृद्धि हुई। शाम पांच बजे तक लोकसभा में 71 प्रतिशत मतदान हुआ था।
मतदान केंद्र पहुंचा मतदाताओं का हुजूम
सुबह से दोपहर 11 बजे तक शहरी मतदान केंद्रों सहित ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं की लंबी कतार देखी गई, जिसमें महिलाओं की संख्या अधिक रही, पर जैसे-जैसे धूप की तपिश बढ़ती गई वैसे-वैसे कतारों की लंबाई भी कम होती गई। दोपहर एक बजे तक मतदान केंद्रों में इक्का-दुक्का लोग ही पहुंच रहे थे। अपराह्न चार बजे से फिर एक बार मतदाताओं का हुजूम मतदान केंद्र पहुंचा।
ज्ञात हो कि महासमुंद लोकसभा सीट से भाजपा ने पूर्व विधायक व जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। वहीं कांग्रेस ने भूपेश सरकार में गृहमंत्री रहे ताम्रध्वज साहू को चुनाव मैदान में उतारा है। इसके अलावा इस सीट से निर्दलीय व विभिन्न क्षेत्रीय पार्टियों को मिलाकर कुल 17 प्रत्याशी मैदान में हैं। इसके अलावा नोटा भी एक उम्मीदवार है।
महासमुंद लोकसभा क्षेत्र में कुल आठ विधानसभा
महासमुंद लोकसभा क्षेत्र में तीन जिले महासमुंद, गरियाबंद और धमतरी के कुल आठ विधानसभा आते हैं। इनमे महासमुंद, खल्लारी, बसना, सरायपाली, राजिम, बिन्द्रानवागढ़, धमतरी और कुरुद शामिल हैं। यहां कुल 17 लाख 62 हजार 477 मतदाता हैं, जिसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या आठ लाख 66 हजार 670 और महिला मतदाता आठ लाख 95 हजार 773 है।
इसके अलावा थर्ड जेंडर 34 मतदाता हैं, जो लोकसभा क्षेत्र के कुल 2,146 मतदान केंद्रों में मतदान किए। इन मतदान केंद्रों में 33 मतदान केंद्र संवेदनशील और बिन्द्रानवागढ़ के नौ मतदान केंद्र अति संवेदनशील है, जहां मतदान सुबह सात से तीन बजे तक कराया गया।
शेष मतदान केंद्रों में सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान कराया था। सुबह से ही मतदाताओं में गजब का उत्साह देखा गया। गर्मी को देखते हुए सुबह से ही मतदान केंद्रों में लंबी कतारें देखी गई। खासकर महिलाओं की संख्या अधिक थी। महिला-पुरुष सहित वह युवा जो लोकतंत्र के इस महापर्व पर पहली बार मतदान करने पहुंचे उनमें उत्साह दिखा।