Durg Seat Result 2024: दुर्ग से भाजपा के विजय बघेल ने दर्ज की बड़ी जीत, चार लाख 38 हजार वोटों से कांग्रेस प्रत्याशी को हराया
Durg Lok Sabha Election Result 2024: दुर्ग लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल ने चार लाख 38 हजार 226 मतों के अंतर से इस संसदीय क्षेत्र में अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज की है।
By Mahendra Kumar Sahu
Edited By: Mahendra Kumar Sahu
Publish Date: Wed, 05 Jun 2024 11:40:41 AM (IST)
Updated Date: Wed, 05 Jun 2024 11:41:16 AM (IST)
HighLights
- विजय बघेल ने पहली ही राउंड से बनाई अजेय बढ़त
- दुर्ग संसदीय क्षेत्र के सभी नौ विधानसभा क्षेत्र में मिली जीत
- चार लाख 38 हजार 226 मतों के अंतर से जीते विजय बघेल
Durg Lok Sabha Election Result 2024: नईदुनिया प्रतिनिधि, दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल ने चार लाख 38 हजार 226 मतों के अंतर से इस संसदीय क्षेत्र में अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। मौजूदा सांसद व भाजपा प्रत्याशी विजय ने पहली ही राउंड से बढ़त बनाई जो मतगणना के अंतिम राउंड तक जारी रहा। विजय बघेल ने दुर्ग संसदीय क्षेत्र के सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में जीत हासिल की है।
दुर्ग लोकसभा चुनाव के सात मई को हुए मतदान हुआ था। मतों की गणना चार जून को मतगणना स्थल शंकराचार्य इंजीनियरिंग कालेज जुनवानी में सुबह आठ बजे से प्रारंभ हुई। भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल मतगणना के दौरान पहले ही राउंड से बढ़त बनाए हुए थे जो आखिरी राउंड तक जारी रहा। मतगणना के दौरान हर राउंड में विजय बघेल की बढ़त निरंतर बढ़ती रही।
विजय बघेल को कुल नौ लाख 56 हजार 497 मत मिले। वहीं उनके निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के राजेंद्र साहू को पांच लाख 18 हजार 271 मत मिले। विजय बघेल चार लाख 38 हजार 226 मतों के अंतर से जीत हासिल कर लगातार दूसरी बार सांसद निर्वाचित हुए। जिला निर्वाचन अधिकारी ऋचा प्रकाश चौधरी द्वारा विजयी प्रत्याशी विजय बघेल को देर रात निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस दौरान भाजपा के विधायकगण सहित पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद रहे।
वैशाली नगर विस क्षेत्र से मिली सर्वाधिक लीड
भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल ने संसदीय क्षेत्र के सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों मेंं जीत हासिल की है। उन्हें वैशालीनगर विधानसभा क्षेत्र से सर्वाधिक 73293 मतों की लीड़ मिली है। दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा प्रत्याशी को 71374 मतों के अंतर से बड़ी जीत मिली है। विजय बघेल को पाटन विधानसभा क्षेत्र से मात्र 25183 मतों की लीड़ मिली है।
वहीं विधानसभा क्षेत्र दुर्ग ग्रामीण से 43308, भिलाई नगर से 35297, अहिवारा से 61524, साजा से 35337, बेमेतरा से 48698 और नवागढ़ से 37579 मतों के अंतर से भाजपा को जीत मिली है। वही दिसंबर महीने में हुए विधानसभा चुनाव में संसदीय क्षेत्र की दो सीट पाटन और भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस ने जीत हासिल की थी। लेकिन लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को इन दोनों सीटों पर भी पराजय मिली।
दुर्ग संसदीय क्षेत्र में विधानसभावार मिले मत
विधानसभा विजय बघेल राजेंद्र साहू अंतर
पाटन 97607 72424 25183
दुर्ग ग्रामीण 101493 58185 43308
दुर्ग शहर 112444 41070 71374
भिलाई नगर 60760 33463 35297
वैशाली नगर 119095 45802 73293
अहिवारा 115356 53832 61524
साजा 107657 72320 35337
बेमेतरा 115077 66379 48698
नवागढ़ 107482 69903 37579
2023 के विधानसभा चुनाव में संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस भाजपा को मिले वोट
विधानसभा का नाम भाजपा कांग्रेस अंतर विजयी
पाटन 75710 95438 19728 कांग्रेस
दुर्ग ग्रामीण 87175 70533 16642 भाजपा
दुर्ग शहर 96651 48376 48275 भाजपा
भिलाई नगर- 53141 54405 1264 कांग्रेस
वैशाली नगर 98272 58198 40074 भाजपा
अहिवारा 96717 71454 25263 भाजपा
साजा 101789 96593 5196 भाजपा
बेमेतरा 97731 88597 9134 भाजपा
नवागढ़ 101631 86454 15177 भाजपा
अपने ही वार्ड में हार गए राजेंद्र
कांग्रेस प्रत्यासी राजेंद्र साहू अपने ही वार्ड में पराजित हो गए । राजेंद्र साहू दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र के मीलपारा वार्ड में रहते है। यहां बूथ क्रमांक 139 में भाजपा को 487 मत मिले हैं। जबकि कांग्रेस को 227 वोट मिला है। भाजपा प्रत्याशी यहां से 260 मतों के अंतर से चुनाव जीतने में सफल रहे। वहीं दुर्ग महापौर धीरज बाकलीवाल के वार्ड क्रमांक-32 स्थित बूथ क्रमांक-120 में भाजपा को 647 मत मिला है। यहां भी भाजपा प्रत्याशी ने 173 मतों के अंतर से जीत हासिल की है। अपने ही वार्ड से चुनाव हारने वाले राजेंद्र साहू को संसदीय क्षेत्र के सभी विधानसभा क्षेत्रों में पराजय का सामना करना पड़ा है।
नोटा में पड़े 5617 मत
संसदीय क्षेत्र में कुल 25 प्रत्याशी मैदान में थे। जिसमें कांग्रेस और भाजपा को छोड़कर अन्य प्रत्याशी अपनी जमानत नहीं बचा पाए। नोटा में कुल 5617 मत पड़े हैं। जो 19 प्रत्याशियों को मिले मतों से अधिक है।
जीत पर भाजपा विधायकों ने कहा
दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता,विश्वनीयता और केंद्र सरकार की जनकल्याणीकारी नीतियों का परिणाम है कि दुर्ग संसदीय क्षेत्र में भाजपा को इतनी बड़ी जीत मिली है। हर कार्यकर्ताओं के लिए संकट मोचन का काम करने वाले विजय बघेल पर जनता ने पुन: भरोसा जताया है। इस बड़ी जीत में दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की जनता ने भी अपनी भूमिका निभाई है।
दुर्ग शहर विधायक गजेंद्र यादव ने कहा, मोदी का गारंटी और विष्णुदेव के सुशासन से छत्तीसगढ़ में चहुमुखी विकास हो रहा है। इसी का परिणाम है कि जनता ने फिर से भाजपा सरकार बनाने को लेकर भरोसा जताया है और छत्तीसगढ़ में 10 लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशियों को जीत मिली है। विजय बघेल को प्रचंड मतों से जीत दिलाने में मतदाताओं व भाजपा कार्यकर्ताओं की बड़ी भूमिका रही है।
वैशाली नगर के विधायक रिकेश सेन ने कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कार्यप्रणाली और राज्य में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कार्यों पर दुर्ग संसदीय क्षेत्र के मतदाताओं ने एक बार फिर भरोसा जताया है। विजय बघेल को पुन: प्रत्याशी बनाए जाने के बाद संसदीय क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं में बड़ा उत्साह रहा। पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मेहनत से संसदीय क्षेत्र में एक बार फिर बड़ी जीत मिली है।
कार्यकर्ता एवं जनता की जीत: विजय बघेल
नवनिर्वाचित सांसद विजय बघेल ने कहा कि यह जीत आम जनता एवं भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की जीत है। भरी गर्मी में कार्यकर्ताओं ने प्रचार में अपनी सारी ताकत झोंक दी थी। यह उसी का परिणाम है कि दुर्ग में रिकार्ड जीत से कमल दोबारा खिला है। बघेल ने कहा कि केंद्र में भी भाजपा अपने सहयोगियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाएगी।
जनादेश स्वीकार- राजेंद्र साहू
कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र साहू ने कहा कि जनता ने जो जनादेश दिया है वह स्वीकार्य है। हमारे कायकर्ताओं ने कड़ी मेहनत की है। हर स्तर पर हमने काम किया है बावजूद सफलता नहीं मिल पाई यह अलग विषय है। इस पर मंथन किया जाएगा। राजेंद्र साहू ने कहा कि केंद्र में देश की जनता ने कांग्रेस को मौका दिया, भाजपा ने केवल विपक्ष को दबाने का प्रयास किया है।